
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में दून पुलिस ने नशा तस्करी और वाहन चोरी के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने जहां 12.19 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, वहीं वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर चोर को भी दबोचकर उसके कब्जे से चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार और वाहन चोरी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रेमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और वाहन चोरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग टीमों के माध्यम से चेकिंग, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए दोनों मामलों में कार्रवाई को अंजाम दिया।
केस-1 : 12.19 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार…..
पटेलनगर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान असलम पुत्र फारूक, निवासी तुन्तोवाला, मेहूवाला, थाना पटेलनगर, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था। उसका इरादा स्मैक को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नशे के आदी स्थानीय लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में जयवीर सिंह (चौकी प्रभारी आईएसबीटी), कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल पंकज शामिल रहे।
केस-2 : वाहन चोरी का खुलासा, चार दोपहिया वाहन बरामद…..
दूसरे मामले में पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए देवांश शर्मा पुत्र स्वर्गीय शैलेंद्र शर्मा, निवासी साउथ वनस्थली बल्लूपुर, थाना कैंट, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को आनंद नगर बालावाला निवासी उपेंद्र दत्त ने माजरा से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का सत्यापन भी किया गया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवांश शर्मा को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विवेक राजपूत पुत्र हंसराज, निवासी कैनाल रोड, बल्लूपुर, देहरादून के साथ मिलकर देहरादून के अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर कबाड़ी पुल के पास पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों से तीन अन्य वाहन भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी और उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को मौका देखकर चोरी करते थे। बरामद वाहनों में से एक मोटरसाइकिल महंत इंद्रेश पार्किंग के बाहर से चोरी किए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। आरोपी चोरी किए गए वाहनों को बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में थे। बरामद दो अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में वांछित विवेक राजपूत की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल हरमिंदर और कांस्टेबल चमन लाल शामिल रहे।



