“आगामी जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान और जाति कोड की मांग..
कांग्रेस ओबीसी विभाग ने राष्ट्रपति के नाम डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन, जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की स्पष्ट और वैज्ञानिक पहचान सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक जाति के लिए अलग वैज्ञानिक कोड निर्धारित करने की मांग उठाई गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग ने जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि आगामी जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और नीतिगत भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रत्येक जाति और समुदाय की सही, प्रमाणित और एकरूप गणना सुनिश्चित की जानी चाहिए। एक ही जाति के अलग-अलग स्थानीय नाम, पर्यायवाची नाम, उपनाम, व्यवसाय आधारित नाम और वर्तनी के अंतर के कारण आंकड़ों में अंतर न हो, इसके लिए मानकीकृत जाति मास्टर सूची तैयार करने की मांग की गई।
कांग्रेस ओबीसी विभाग ने प्रत्येक मान्यता प्राप्त जाति और समुदाय के लिए अलग वैज्ञानिक जाति कोड निर्धारित करने, डिजिटल जनगणना में खोज योग्य सूची उपलब्ध कराने तथा जातियों के प्रमाणित पर्यायवाची एवं क्षेत्रीय नामों को संबंधित कोड से जोड़ने का सुझाव दिया। साथ ही तेलंगाना के सामाजिक-आर्थिक जाति सर्वेक्षण से जुड़े विशेषज्ञों के अनुभव और पद्धति का अध्ययन कर उसे प्रक्रिया में शामिल करने की मांग की गई।
विकास चंद्रा ने कहा कि जाति जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और भविष्य की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि जाति पूछना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से गिनना भी जरूरी है। विश्वसनीय जातिगत आंकड़ों के आधार पर ही वंचित समुदायों के लिए लक्षित कल्याणकारी नीतियां तैयार की जा सकती हैं।
ज्ञापन में स्पष्ट ओबीसी श्रेणी, मानकीकृत जाति मास्टर सूची, विशिष्ट वैज्ञानिक जाति कोड, प्रमाणित पर्यायवाची नाम, खोज योग्य डिजिटल सूची और विशेषज्ञों की सलाह को आगामी जनगणना प्रक्रिया में शामिल करने की मांग की गई।
इस दौरान आलोक शर्मा, बेलश्वर सिंह, सोम त्यागी, संजय सैनी, सुरेंद्र ठाकुर, आशु भारद्वाज, अनिल ठाकुर, मनोज सैनी, उदित विद्याकुल, आशु श्रीवास्तव, अनंत पांडेय, सागर बेनीवाल, सनी सक्सेना, नंदलाल सिंह, अमित अवस्थी, मनीष पटेल, अक्षय नागपाल, तुषार सक्सेना, सत्य प्रकाश दुबे, अयाज अंसारी, विनोद कश्यप, विकास रोटेला, प्रिंस, राकेश, प्रिंस यादव, देवेश वर्मा और गुलशन मौजूद रहे।


