अपराधदेहरादून

“पटेलनगर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, स्मैक तस्करी से फायरिंग तक तीन मामलों में शिकंजा..

दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 21.72 ग्राम स्मैक बरामद; फायरिंग कांड का फरार आरोपी शामली से दबोचा गया, पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में अपराध और नशे के खिलाफ दून पुलिस ने एक साथ तीन मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी और फायरिंग की घटनाओं में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 21.72 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में लंबे समय से फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को पुलिस ने शामली, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस को संदिग्धों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान जहां दो अलग-अलग मामलों में स्मैक तस्करों को दबोचा, वहीं अगस्त माह में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे आरोपी को भी लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र के जरिए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

केस-1 : बलेनो कार में स्मैक लेकर घूम रहा था राहुल, 11 ग्राम माल के साथ गिरफ्तार……
पटेलनगर पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बलेनो कार भी कब्जे में ले ली। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत पुलिस ने करीब 3 लाख 30 हजार रुपये बताई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल नाथ पुत्र गुलाब नाथ, निवासी सपेरा बस्ती मोथरोवाला, थाना नेहरू कॉलोनी, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था। उसका इरादा स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में नशे के आदी स्थानीय लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाना था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से लेकर आया था और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं।

केस-2 : फायरिंग कांड का फरार आरोपी शामली से गिरफ्तार, कॉलेज विवाद में चली थीं गोलियां…..
पटेलनगर क्षेत्र में 20 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद एक युवक गोली लगने से घायल हुआ था। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल देहरादून के आंतरिक मार्गों और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया था। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में एक आरोपी रोहित को घटना में प्रयुक्त कार के साथ नया गांव बैरियर से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल आरोपी नमन पुत्र सुमित, निवासी ऊंचा गांव, थाना करना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष को शामली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके साथी गुरमीत का कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर आदित्य, सुजल और उनके साथियों पर फायरिंग की गई। मौके पर भीड़ जमा होने के बाद आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए। बताया गया कि आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया, जिसके बाद शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास दोबारा फायरिंग हुई। इस दौरान आदित्य के साथी साहिल को गोली लगने से चोट आई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

केस-3 : 55 साल की कलावती उर्फ कैला भी स्मैक के धंधे में गिरफ्तार….
पटेलनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 10.72 ग्राम अवैध स्मैक के साथ महिला को दबोचा। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान कलावती उर्फ कैला पत्नी स्वर्गीय रणजीत सिंह, निवासी राजीव नगर, चमनपुरी, थाना पटेलनगर, उम्र 55 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में स्मैक की तस्करी करने की बात बताई। वह कथित तौर पर स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून में मुकदमा दर्ज है और वह पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। पटेलनगर पुलिस के मुताबिक पिछले 16 दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मुकदमे आबकारी अधिनियम के तहत चार अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान करीब 40 ग्राम अवैध स्मैक, 03 किलो गांजा, 140 बोतल अवैध देशी शराब और 18 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!