“मोबाइल टावर पर चढ़ा पल्लेदार, पुलिस और मंडी अधिकारियों के उड़े होश..
कभी फोन नहीं उठा रहा, कभी व्यस्त आ रहा नंबर; मांगों का पता लगाने में जुटे अधिकारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आढ़तियों के यहां पल्लेदारी का काम करने वाला एक व्यक्ति मंडी कार्यालय के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पल्लेदार की पहचान हरीश के रूप में बताई जा रही है। वह अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उसे नीचे उतारने के लिए बातचीत का प्रयास शुरू किया।
बताया जा रहा है कि हरीश काफी ऊंचाई पर टावर पर चढ़ा हुआ है। अधिकारी और पुलिसकर्मी लगातार उससे संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, हरीश से संपर्क करने में परेशानी हो रही है। कभी वह फोन नहीं उठा रहा है तो कभी उसका मोबाइल नंबर व्यस्त आ रहा है। ऐसे में अधिकारी उससे बातचीत कर उसकी मांग और टावर पर चढ़ने की वजह जानने का प्रयास कर रहे हैं।
घटना को लेकर मंडी समिति परिसर में भी काफी हलचल बनी हुई है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह हरीश को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हैं। साथ ही एहतियात के तौर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मंडी समिति के सचिव एस. कालाकोटी ने बताया कि हरीश किन मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा है, इसकी अभी जानकारी नहीं हो पाई है। उसका मोबाइल नंबर मिलाया जा रहा है, लेकिन वह लगातार व्यस्त आ रहा है। अधिकारियों की प्राथमिकता उसे सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद ही टावर पर चढ़ने के कारण और उसकी मांगों के संबंध में जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।



