
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कनखल क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ओर चैन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा कर विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया, तो दूसरी ओर पत्नी की हत्या की कथित नीयत से तमंचा लेकर घूम रहे आरोपी को भी दबोच लिया। पुलिस ने चैन स्नैचिंग में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि दूसरे मामले में आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कनखल क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और लंबित घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में चैन स्नैचिंग की घटना में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सुराग जुटाए और श्रीयंत्र पुलिया के पास पल्सर बाइक सवार विधि विवादित किशोर को संरक्षण में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को अलंकार विहार कनखल निवासी महिला अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक से प्रेमनगर की ओर से घर लौट रही थी। गौतम फार्म के पास बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन छीन ली और फरार हो गए। महिला की तहरीर पर कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया था। छीनी गई चेन को दिल्ली में करीब 10 हजार रुपये में बेचने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज के साथ एक और चेन लूटने के इरादे से हरिद्वार लौटे थे। पुलिस की गतिविधि बढ़ने पर दोनों सड़क से जंगल की ओर भाग गए थे। बाद में भिंडे के पुलिस की पकड़ में आने के बाद किशोर भी वहां से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि ब्रह्मपुरी हरिद्वार से चोरी की गई पल्सर बाइक को आरोपियों ने हरिद्वार की एक पार्किंग में छिपाकर रखा था। बाइक लेने पहुंचे किशोर को पुलिस ने दबोच लिया। बरामद बाइक के संबंध में कोतवाली नगर हरिद्वार में चोरी का मुकदमा दर्ज पाया गया। किशोर को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इसी कार्रवाई के दौरान एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में कनखल पुलिस ने निर्माणाधीन हाईवे के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे कृष्णवीर उर्फ बिड्डू (40), निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपी ने बाइक स्टार्ट कर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी तमंचे का कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि उसका पत्नी प्रियंका से विवाद चल रहा है और वह जगजीतपुर में रहती है। आरोपी के अनुसार, वह पत्नी से मिलने जा रहा था और तमंचा उसने पत्नी की हत्या के इरादे से रखा था।
पुलिस ने तमंचा सील कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, हेडकांस्टेबल रविन्द्र तोमरव कांस्टेबल राजेश डोभाल शामिल रहे।



