
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; ज्वालापुर क्षेत्र में नशीले कैप्सूल की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 600 कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में कई तस्करों के नाम सामने आए हैं, पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के धंधे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस के मुताबिक, बाजार चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले कैप्सूल लेकर ट्रांसपोर्ट नगर गेट की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद काले और नारंगी रंग का बैग लेकर आ रहे एक संदिग्ध ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
बैग में मिले 600 नशीले कैप्सूल….
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 480 कैप्सूल स्पैसमोर और 120 कैप्सूल स्पैसकोर-वॉन बरामद हुए। पुलिस ने औषधि निरीक्षक से संपर्क कर कैप्सूल के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरुख (29) पुत्र शकील निवासी ग्राम सराय, ज्वालापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कई धंधेबाजों और नशेड़ियों के नाम भी बताए हैं। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां की जाएंगी।



