
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; ज्वालापुर में धर्मस्थल के पास चल रहे सट्टेबाजी के खेल पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शीतला माता मंदिर के पास सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी कर रहे आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सट्टा पर्चियां, पेन और 6,390 रुपये की नकदी बरामद की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई से सट्टेबाजी में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत जुआ और सट्टे के धंधे पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर के प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। मुखबिर की सूचना पर टीम ने मोहल्ला तेलियान में शीतला माता मंदिर के पास छापा मारा। यहां सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पर्चियां, पेन और 6,390 रुपये नकद बरामद किए। मामले में कोतवाली ज्वालापुर में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु पुत्र प्रमोद कुमार निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा, ज्वालापुर; अमित पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी भीमगोड़ा नई बस्ती, हरिद्वार; जीवन पुत्र हरिवंश राम निवासी मोहल्ला कड़च्छ, ज्वालापुर;
शोभित कुमार पुत्र राधेश्याम निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर; साजिद पुत्र वाहिद हसन निवासी बकरा मार्केट, ज्वालापुर; बलरामपुर नरोत्तम सिंह निवासी राजा गार्डन, कनखल; अल्ताफ पुत्र जमीर निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा, ज्वालापुर तथा बंटी साहू पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम निवासी बकरा मार्केट, ज्वालापुर शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल हिमेश चंद्र, कांस्टेबल अंकित कवि, कांस्टेबल कर्म सिंह चौहान, कांस्टेबल यशवंत सिंह, कांस्टेबल राजपाल और कांस्टेबल संजय तोमर शामिल रहे।



