“प्रेस कांफ्रेंस में बीएसएम पदाधिकारियों का दो टूक जवाब- ब्लैकमेलिंग के लिए रचा जा रहा पूरा खेल – नही झुकेंगे..
संस्थान के सचिव और अध्यक्ष ने आरोपो को किया खारिज, जांचों में क्लीन चिट मिलने का किया दावा, आंदोलन की मंशा पर उठाए सवाल..

पंच👊नामा
रुड़की; परशुराम भवन को लेकर छिड़ी रार अब आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गई है। भवन और बीएसएम शिक्षण संस्थान की संपत्ति पर अधिकार को लेकर धरने पर बैठे ब्राह्मण समाज के लोगों के आरोपों पर अब संस्थान के पदाधिकारियों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
बीएसएम लॉ कॉलेज में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के सचिव रजनीश कुमार शर्मा और अध्यक्ष ममतेश शर्मा ने धरनारत लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ब्लैकमेलर करार दिया। पदाधिकारियों ने दावा किया कि संस्थान से पैसों की मांग की जा रही है और बेवजह विवाद खड़ा कर संस्थान की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
करीब 25 जांचों का दिया हवाला, बोले- आज तक नहीं मिली कोई खामी….
संस्था के सचिव रजनीश कुमार शर्मा और अध्यक्ष ममतेश शर्मा ने कहा कि बीएसएम शिक्षण संस्थान पर पहले भी कई बार तरह-तरह के आरोप लगाए जा चुके हैं। इन आरोपों की करीब 25 बार उच्चस्तरीय जांच हो चुकी है, लेकिन किसी भी जांच में संस्थान के स्तर पर कोई खामी सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने और राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटे हैं, जबकि शहर की जनता सच्चाई से भलीभांति परिचित है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोप लगाने भर से किसी संस्था की छवि खराब नहीं की जा सकती।
ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों को लेकर भी उठाए सवाल……
पत्रकार वार्ता में रजनीश कुमार शर्मा ने धरने पर बैठे कुछ लोगों के भारतीय ब्राह्मण समाज का पदाधिकारी होने के दावे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय कौशिक हैं और वह स्वयं पत्रकार वार्ता में मौजूद हैं। ऐसे में कुछ लोगों द्वारा संगठन के पदाधिकारी होने का दावा करना कई सवाल खड़े करता है।
29 अक्टूबर से जारी है धरना, संपत्ति पर कब्जे का है आरोप…..
गौरतलब है कि परशुराम भवन को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों का धरना 29 अक्टूबर से लगातार जारी है। धरनारत लोगों का आरोप है कि बीएसएम शिक्षण संस्थान ब्राह्मण समाज की संपत्ति है, लेकिन कुछ लोगों ने इस पर कब्जा कर इसे निजी संपत्ति बना लिया है। इसी मांग को लेकर समाज के लोग परशुराम भवन पर धरना दे रहे हैं। वहीं, संस्थान के पदाधिकारियों की ओर से आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए धरनारत लोगों पर ही सवाल उठाए जाने के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। अब दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्रकार वार्ता में जेपी शर्मा, वासुदेव पंत, भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय कौशिक, सजीव शर्मा, राजीव भारद्वाज, विनय शर्मा, ममता और विकास धीमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



