अपराधदेहरादून

“पटेलनगर में दून पुलिस का ट्रिपल अटैक.! अपराधियों से लेकर हुड़दंगियों तक पर कसा शिकंजा, लापरवाह मकान मालिकों की भी आई शामत.!

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ की टीम का ताबड़तोड़ एक्शन, नाबालिग को ले जाने वाला दबोचा, हुड़दंगियों को भी सिखाया सबक..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ दून पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए पटेलनगर क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। कहीं बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की कुंडली खंगाली गई तो कहीं नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा कर माहौल खराब करने वाले तीन लोगों को भी पुलिस ने कानून का पाठ पढ़ाते हुए गिरफ्तार किया। एक ही दिन में हुई इन अलग-अलग कार्रवाइयों से साफ है कि पटेलनगर में नियमों की अनदेखी और हुड़दंग अब भारी पड़ने वाला है।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चला अभियान……
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में अपराधियों, संदिग्धों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के साथ ही कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए सत्यापन अभियान से लेकर गंभीर आपराधिक मामलों और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।500 से अधिक लोगों का सत्यापन, 33 मकान मालिकों पर 3.30 लाख की चोट……..
पुलिस टीमों ने देहराखास, लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी समेत थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए व जमानत पर चल रहे तीन अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने समेत अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 33 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस की इस कार्रवाई से उन मकान मालिकों में हड़कंप मचा रहा, जो किरायेदारों का सत्यापन कराने में लापरवाही बरत रहे थे।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार, युवती बरामद…..
वहीं, पटेलनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग युवती को सकुशल बरामद किया। पुलिस के मुताबिक 24 अक्टूबर को पटेलनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को अंजार पुत्र इकबाल निवासी भुड्डी, पटेलनगर द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी अंजार (22 वर्ष) को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से नाबालिग युवती को बरामद किया। युवती के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद मामले में पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।पटेलनगर बाजार में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने तीन को दबोचा…..
उधर, पटेलनगर बाजार में आपसी विवाद के बाद सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करना तीन लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस को सूचना मिली कि बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर लड़ाई-झगड़ा हो रहा है और दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित लोग पुलिस की समझाइश के बावजूद नहीं माने और और अधिक उग्र होकर मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल गुज्जर (33 वर्ष) और अब्दुल मुल्तलिब (18 वर्ष), निवासी गुरु नानक एनक्लेव ब्रह्मपुरी, देहरादून व वंश (24 वर्ष), निवासी बेहट, जिला सहारनपुर शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!