अपराधहरिद्वार

“नशे की लत ने बनाया चोर! बहादराबाद पुलिस ने जंगल से खोज निकालीं चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, शातिर के कारनामे से उड़े होश.!

गंगनहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखता था चोरी की बाइक, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने पांच मुकदमों का किया खुलासा, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; स्मैक के नशे की ऐसी लत कि उसे पूरा करने के लिए शातिर वाहन चोर ने चोरी को ही अपना धंधा बना लिया। शहर और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी कर आरोपी उन्हें गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपा देता था, ताकि किसी को भनक तक न लगे। लेकिन इस बार बहादराबाद पुलिस की नजरों से वह बच नहीं सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक-दो नहीं, बल्कि कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच बाइक बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित निकलीं। इस कार्रवाई से पुलिस ने वाहन चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाहन चोरों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के क्रम में बहादराबाद पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं।वहीं, कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी बाजार विकास रावत, अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से निकलने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर पुलिस को मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में बताई। पुलिस ने मोटरसाइकिल के संबंध में गहनता से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि बाइक आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की गई थी।स्मैक की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी……
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी करने के बाद वह मोटरसाइकिलों को गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान जगह पर झाड़ियों के पीछे छिपाकर रख देता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम जंगल पहुंची और वहां छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इस तरह पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें अपने कब्जे में लीं।पांच मुकदमों से जुड़ी निकलीं पांच बाइक….
बरामद मोटरसाइकिलों का पुलिस ने रिकॉर्ड से मिलान किया तो पांच बाइक बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित पाई गईं। इन पांचों मामलों का सफल अनावरण होने से वाहन चोरी की घटनाओं की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं। इनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस जैसी बाइक शामिल हैं। इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व और चोरी से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है।पहले भी वाहन चोरी में जा चुका है जेल….
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह इससे पहले थाना पिरान कलियर और थाना भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामद मोटरसाइकिलों के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराओ की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत पुलिस कब्जे में लेकर उनके संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका…..
वाहन चोर की गिरफ्तारी और 10 मोटरसाइकिलों की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल पंकज बिष्ट, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल अवनेश राणा शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!