अपराधउत्तराखंड

“सिद्धांत बडोनी और शेखावत ने दिनेश तिवारी को अस्पताल ले जाने के बहाने बनाया था लूट का शिकार, सामने आया वीडियो, पिस्टल के बट से हमला करते दिखे लुटेरे..

चमोली निवासी दिनेश तिवारी को इंद्रेश अस्पताल ले जाने के बहाने पुराना ट्रक यूनियन के पास ले गए थे आरोपी, हेलमेट में रखे 2.74 लाख रुपये लूटने के लिए की थी मारपीट; दो घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद भी आरोपियों के बचाव में बयानबाजी जारी, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; 14 लाख रुपये की लूट के मास्टरमाइंड सिद्धांत बडोनी और उसके साथी दीपक सिंह शेखावत की एक और करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस बार सामने आए वीडियो में दोनों दूसरे पीड़ित दिनेश तिवारी के साथ लूटपाट और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि अस्पताल ले जाने के बहाने दिनेश तिवारी को अपने साथ ले जाकर दोनों ने पिस्टल के बट से हमला किया और हेलमेट में रखी नकदी लूट ली। पुराना ट्रक यूनियन, शिवालिक स्कूल के पास का यह सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद दूसरी लूट की घटना को लेकर भी अहम साक्ष्य सामने आया है।दिनेश तिवारी मूल रूप से चमोली के रहने वाले हैं और ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस की जांच के अनुसार, सात नवंबर को पटेलनगर में प्रॉपर्टी डीलर राजेश कुमार सोनी से 14 लाख रुपये की लूट के दौरान उनके साथी दिनेश तिवारी के पास निजी काम के लिए रखे 2.74 लाख रुपये भी थे। यह रकम उन्होंने अपने हेलमेट में रखी हुई थी।अस्पताल पहुंचाने के बहाने दिया वारदात को अंजाम…..
जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत दिनेश तिवारी को इंद्रेश अस्पताल की इमरजेंसी की ओर ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद पुराना ट्रक यूनियन के पास पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया और पिस्टल के बट से हमला कर हेलमेट में रखी नकदी लूट ली। अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों की गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस इस फुटेज को भी विवेचना का हिस्सा बना रही है।दो घटनाएं, दो वीडियो; फिर भी आरोपियों के बचाव में बयानबाजी…..
गौरतलब है कि पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कथित मास्टरमाइंड सिद्धांत बडोनी और उसका साथी दीपक सिंह शेखावत भी शामिल हैं। आरोपितों से अब तक कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ संगठनों की ओर से सिद्धांत बडोनी के बचाव में बयानबाजी की जा रही है। पुलिस पर अनर्गल आरोप लगाने के साथ ही ऐसे दावे किए जा रहे हैं, जिनका उपलब्ध साक्ष्यों से मेल नहीं बैठता। इस तरह की बयानबाजी से न केवल पुलिस की निष्पक्ष कार्रवाई पर सवाल खड़े करने का प्रयास हो रहा है, बल्कि कहीं न कहीं सरकार की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कानून व्यवस्था के मामलों में किसी आरोपी का संगठनात्मक जुड़ाव उसकी जवाबदेही से बचने का आधार नहीं हो सकता। दो अलग-अलग घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जरूरी है कि मामले को संगठनात्मक चश्मे से देखने के बजाय तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर परखा जाए।एसएसपी के निर्देश पर जारी है निष्पक्ष कार्रवाई…..
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने लगातार दबिश, सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से आरोपितों की गिरफ्तारी की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस अब लूट की शेष रकम की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।सीएम धामी के अपराधमुक्त उत्तराखंड के विजन को मजबूती दे रही पुलिस कार्रवाई, आरोपियों के बचाव में उतरकर कुछ लोग लगा रहे ग्रहण!मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध और भयमुक्त उत्तराखंड के विजन को पुलिस की इस कार्रवाई से मजबूती मिली है। एक ओर आमजन कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्रवाई की सराहना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ तथाकथित लोग आरोपियों का बचाव कर मुख्यमंत्री के विजन पर ग्रहण लगाने का प्रयास कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऐसे प्रयास सरकार की छवि और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश के रूप में भी देखे जा रहे हैं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!