“इबादत के साथ इंसानियत की खिदमत! फातिमा ज़हरा की याद में रक्तदान कर युवाओं ने जीत लिए दिल..
इमामबाड़ा अहबाब नगर में तीन दिवसीय मजलिस के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर निभाया इंसानियत का फर्ज..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मजहब की राहें भले अलग-अलग हों, लेकिन इंसानियत का फर्ज हर किसी को एक सूत्र में बांधता है। इसी पैगाम को आगे बढ़ाते हुए बीबी फातिमा ज़हरा की शहादत की याद में अंजुमन फ़रोग़-ए-अज़ा हरिद्वार ने सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की।
इमामबाड़ा अहबाब नगर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मुस्लिम युवाओं और महिलाओं समेत शहर के लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर जरूरतमंदों को जीवनदान देने का संकल्प लिया। संस्था की ओर से लगातार पांचवें वर्ष आयोजित इस शिविर में जिला चिकित्सालय हरिद्वार के ब्लड बैंक और ब्लड वॉलंटियर्स टीम ने अहम सहयोग दिया।
इस आयोजित शिविर में संस्था के कोषाध्यक्ष सैयद एहतेशाम अब्बास जैदी के नेतृत्व में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। ब्लड वॉलंटियर्स टीम की ओर से अनिल अरोड़ा और विक्रम ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। ब्लड वॉलंटियर्स टीम उत्तराखंड समेत देशभर में जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाती है।
संस्था के अध्यक्ष हैदर नकवी ने बताया कि अंजुमन फ़रोग़-ए-अज़ा की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब की बेटी बीबी फातिमा ज़हरा की शहादत की याद में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय मजलिस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में पिछले पांच वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर भी लगाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरत के समय किसी इंसान की जिंदगी बचाने में अपना योगदान देना है।
नजीबाबाद से पहुंचे मौलाना आरिफ हुसैन ने मजलिस को संबोधित करते हुए बीबी फातिमा ज़हरा के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीबी फातिमा ज़हरा को जन्नत की औरतों की सरदार माना जाता है। उन्होंने अपने जीवन में महिलाओं की शिक्षा, सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने भी बेटियों के सम्मान और उनके ऊंचे मर्तबे का पैगाम दिया व बेटी को अल्लाह की रहमत बताया।
मौलाना आरिफ हुसैन ने मजलिस में बीबी फातिमा ज़हरा के जीवन से जुड़े धार्मिक प्रसंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार तीन जमादुस्सानी को उनका इंतकाल हुआ था। उनकी याद में आयोजित मजलिसों में अकीदतमंदों ने शिरकत कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की।
संस्था के सचिव फिरोज जैदी ने बताया कि इमामबाड़ा अहबाब नगर में तीन दिन तक मजलिसों का आयोजन किया गया। इस दौरान रक्तदान करने वाले सभी लोगों का संस्था की ओर से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय योगदान नहीं, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जिंदगी की उम्मीद बन सकता है।
इन्होंने किया रक्तदान…..
शिविर में मौलाना आरिफ हुसैन, हैदर नकवी, एहतेशाम अब्बास जैदी, मोहम्मद जमा, जाफर हुसैन, इस्तेखार, शबीह हादी, अफसार, जिकरा नकवी, मोहसिन, फिरोज खान, अब्दुल्लाह, नरजिस फातिमा, बिलाल रजा, अदनान खान, मोहम्मद मुज्तबा, नावेद, अमान, बिलाल नकवी, अयान, मोहतशम अब्बास जैदी, नसीम और इकबाल रजा सहित अन्य लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।



