“दरगाह साबिर पाक में फर्जी खादिमों का साम्राज्य! नजराने के नाम पर जायरीनों की जेब पर डाका, जिम्मेदारों की खामोशी पर उठे सवाल..
दरगाह परिसर से दरबार तक कथित फर्जी खादिमों का जमावड़ा, हाजिरी से लेकर चादर की दस्तारबंदी तक वसूली का खेल; पीआरडी जवानों की भूमिका भी सवालों के घेरे में, आखिर किसकी शह पर फल-फूल रहा अवैध धंधा.?

पंच👊नामा
पिरान कलियर; लाखों जायरीनों की आस्था के मरकज दरगाह साबिर पाक में इन दिनों रूहानियत और इबादत के बीच कथित फर्जी खादिमों की धनउगाही का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। यहां जायरीन अकीदत लेकर पहुंचते हैं, लेकिन आरोप है कि कुछ कथित फर्जी खादिम उनकी जेब हल्की करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। हैरानी देखिए कि जिस दरगाह में व्यवस्था और निगरानी के नाम पर सीसीटीवी कैमरों से लेकर दर्जनों कर्मचारी और पीआरडी जवान तक तैनात हैं, वहां कथित अवैध वसूली का खेल बदस्तूर जारी है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जिम्मेदारों की निगाहें आखिर इस गोरखधंधे पर क्यों नहीं पड़तीं? या फिर सबकुछ देखकर भी अनदेखा करने की कोई मजबूरी है?
दरगाह परिसर से लेकर दरबार के अंदर तक कथित फर्जी खादिमों का जमावड़ा इस पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि जायरीनों से नजराने के नाम पर खुलेआम रकम वसूली जा रही है। कोई हाजिरी कराने के नाम पर पैसे मांगता है तो कोई दरबार में चढ़ाई गई चादरों की दस्तारबंदी कराकर नजराना वसूलता है। इतना ही नहीं, धागा बांधने से लेकर नजरो-नियाज तक के नाम पर जायरीनों से रकम ऐंठने के अलग-अलग तरीके ईजाद कर लिए गए हैं। यानी आस्था के दरबार में कथित वसूली के तरीके भी कम नहीं हैं।
सबसे बड़ा सवाल दरगाह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। फर्जी खादिमों पर रोक लगाने के दावे तो समय-समय पर खूब किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आती है। आरोप तो यहां तक हैं कि यह पूरा खेल दरगाह कार्यालय में तैनात कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की कथित मिलीभगत के बिना संभव ही नहीं है। यदि ऐसा नहीं है तो फिर दरबार के भीतर तक कथित फर्जी खादिमों की पहुंच और जायरीनों से लगातार हो रही वसूली पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा?
विडंबना यह है कि जिस अवैध वसूली को रोकने के लिए पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है, उनकी भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप हैं कि कुछ जवान खुद कथित फर्जी खादिमों के साथ मिलकर नजरो-नियाज के नाम पर रकम लेते दिखाई देते हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो फिर निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले ही इस खेल का हिस्सा बन जाएं, इससे बड़ी विडंबना क्या होगी?
अब तो कथित फर्जी खादिमों ने अपने नीचे बाकायदा गुर्गे भी पाल रखे हैं। ये गुर्गे दरगाह परिसर में खड़े होकर जायरीनों को अपने झांसे में लेते हैं और उनसे नजराना वसूलकर अपने कथित आकाओं तक पहुंचाते हैं। बदले में उन्हें भी वसूली की रकम में से हिस्सा मिल जाता है। यानी आस्था के इस केंद्र में कथित वसूली का पूरा नेटवर्क खड़ा होने के आरोप लग रहे हैं। कुछ स्थानीय होने का हवाला देकर इसे अपना हक तक बताने से गुरेज नहीं करते। सवाल यह है कि क्या किसी के स्थानीय होने भर से उसे जायरीनों से मनमाने ढंग से रकम वसूलने का अधिकार मिल जाता है?
मामला केवल धनउगाही तक सीमित नहीं है। नजराने के बंटवारे और जायरीनों को अपने साथ ले जाने की होड़ में कथित फर्जी खादिमों के बीच कई बार विवाद भी सामने आ चुके हैं। इससे दरगाह की गरिमा और व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठते रहे हैं। जिस स्थान पर जायरीन सुकून, अकीदत और इबादत के लिए पहुंचते हैं, वहां कथित खादिमों के बीच नजराने को लेकर खींचतान की खबरें सामने आना अपने आप में चिंताजनक है।
हैरानी की बात यह भी है कि जायरीनों से कथित अवैध वसूली के वीडियो समय-समय पर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। दरगाह कार्यालय की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की बातें भी सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई का असर इतना नजर नहीं आता कि इस धंधे पर लगाम लग सके। नतीजा यह है कि कथित फर्जी खादिमों के हौसले पस्त होने के बजाय और बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं। सवाल है कि जब वीडियो वायरल होते हैं, शिकायतें होती हैं और जिम्मेदारों को पूरे मामले की जानकारी होने के दावे किए जाते हैं, तो फिर कार्रवाई आखिर किस मोड़ पर दम तोड़ देती है?
दरगाह शरीफ की व्यवस्थाओं को सुचारू रखने और जायरीनों की सुविधा के लिए बाकायदा दरगाह दफ्तर स्थापित किया गया है। यहां एक प्रबंधक, कई सुपरवाइजर और दर्जनों कर्मचारियों के अलावा पीआरडी जवानों की तैनाती है। इन तमाम व्यवस्थाओं की निगरानी रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के स्तर से भी की जाती है। इसके बावजूद यदि दरगाह परिसर में कथित अवैध वसूली का खेल लगातार जारी है तो यह केवल कुछ लोगों की मनमानी नहीं, बल्कि पूरे निगरानी तंत्र की कार्यशैली पर सवालिया निशान है।
दरगाह में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, कर्मचारियों की फौज है और सुरक्षा के लिए जवान तैनात हैं। फिर भी यदि जायरीनों की जेब पर कथित तौर पर डाका पड़ रहा है तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि ये तमाम इंतजाम आखिर किस काम के हैं? क्या कैमरे केवल दीवारों की शोभा बढ़ाने के लिए लगाए गए हैं और कर्मचारी केवल हाजिरी दर्ज कराने के लिए तैनात हैं? आखिर वह कौन-सी वजह है कि तमाम निगरानी के बावजूद कथित फर्जी खादिमों का साम्राज्य लगातार बढ़ता जा रहा है?
इस संबंध में दरगाह प्रबंधक/तहसीलदार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। लिहाजा उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
अब बड़ा सवाल यही है कि दरगाह साबिर पाक में जायरीनों की अकीदत की हिफाजत कौन करेगा? फर्जी खादिमों के नाम पर कथित वसूली का यह खेल कब बंद होगा और जिम्मेदारों की कुंभकर्णी नींद आखिर कब टूटेगी? या फिर दरगाह की चौखट पर पहुंचने वाले जायरीनों को इसी तरह आस्था के साथ अपनी जेब भी संभालनी पड़ेगी?
अगली कड़ी में… दरगाह साबिर पाक में जायरीनों से कथित अवैध वसूली के वायरल वीडियो करेंगे कई चौंकाने वाले खुलासे….?



