“अर्धकुंभ 2027 के लिए पुलिस का ‘मिशन मोड’, जिलों से मिले 35 इंस्पेक्टर..
देहरादून से लेकर पिथौरागढ़ तक के पुलिस अधिकारियों को मिली कुंभ मेले की जिम्मेदारी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्द्धकुंभ मेला 2027 को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात 35 निरीक्षक नागरिक पुलिस को तत्काल प्रभाव से कुंभ मेला 2027 हरिद्वार से संबद्ध कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, इन निरीक्षकों को प्रदेश के अलग-अलग जनपदों और इकाइयों से कुंभ मेला पुलिस में शामिल किया गया है। सूची में देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जिलों के निरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा सतर्कता, साइबर क्राइम देहरादून और सीबीसीआईडी से जुड़े निरीक्षकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर यदि संबंधित निरीक्षकों का स्थानांतरण निर्वाचन आयोग और शासन के दिशा-निर्देशों के तहत दूसरे जनपदों में किया जाता है, तो स्थानांतरित जनपद में आमद दर्ज कराने के बाद उन्हें अर्द्धकुंभ मेले की ड्यूटी के लिए कार्यमुक्त किया जाएगा। यानी स्थानांतरण की स्थिति में भी कुंभ मेले से संबंधित उनकी जिम्मेदारी प्रभावित नहीं होगी।
अर्द्धकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती रहेगी। ऐसे में 35 निरीक्षकों की तैनाती को मेले की पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे कुंभ मेला पुलिस को अतिरिक्त मानव संसाधन मिलेगा और आगामी तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि अर्द्धकुंभ 2027 को लेकर हरिद्वार में विभिन्न विभागों की तैयारियां पहले से ही जारी हैं। अब पुलिस मुख्यालय की ओर से निरीक्षकों की तैनाती का आदेश जारी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कवायद और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



