हरिद्वार

“94 तबादलों की जंबो लिस्ट और नामदार थाने की पोस्टिंग में चुनावी गाइडलाइन का पेंच, पिछले चुनाव में भी इसी विधानसभा की कोतवाली में तैनात थे दरोगा जी, अब कैसे होगी नैय्या पार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विधानसभा चुनाव से पहले हरिद्वार में 13 इंस्पेक्टर और 81 उपनिरीक्षकों समेत 94 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। इस जंबो सूची में एक दरोगाजी को मिली नामदार थाने की पोस्टिंग अब चर्चा का विषय बन गई है। वजह है उनकी पिछली चुनावी तैनाती। बताया जा रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी दरोगाजी इसी विधानसभा क्षेत्र की एक कोतवाली में तैनात थे। जबकि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव में किसी विधानसभा क्षेत्र में तैनात रहे निरीक्षक और उपनिरीक्षक को आगामी चुनाव में उसी क्षेत्र में तैनाती देने से बचना होता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि तमाम मानकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई तबादला सूची में दरोगाजी की पुरानी तैनाती का हिसाब कैसे छूट गया?वीवीआईपी नंबर 0001 की तरह है थाना…..
जिस थाने में दरोगाजी की तैनाती हुई है, वह पुलिस महकमे में खासा नामदार माना जाता है। नई गाड़ी के वीवीआईपी नंबर 0001 की तरह इस थाने की पोस्टिंग भी रुतबे और रसूख से जोड़कर देखी जाती है। यही वजह है कि इस थाने में तैनाती के लिए कई दावेदार बताए जा रहे थे। मगर सभी को पछाड़कर दरोगाजी ने यह पोस्टिंग अपने नाम कर ली। कह सकते हैं कि मनचाहे थाने की बाजी तो उन्होंने मार ली, लेकिन अब पिछली चुनावी तैनाती का मामला उनके लिए चर्चा का नया विषय बन गया है।चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक किसी निरीक्षक या उपनिरीक्षक को एक ही थाना क्षेत्र में तीन साल से अधिक समय तक तैनात नहीं रखा जा सकता। इसके साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव में जिस विधानसभा क्षेत्र में अधिकारी की तैनाती रही हो, उसे आगामी चुनाव में उसी क्षेत्र में जिम्मेदारी देने से भी परहेज किया जाता है। इन दोनों मानकों को ध्यान में रखकर तबादलों की प्रक्रिया पूरी की जाती है।94 पुलिस अधिकारियों की सूची तैयार करने में उनकी पिछली तैनाती और कार्यकाल का ब्योरा खंगालना पड़ा होगा। इसके बावजूद एक दरोगाजी की पोस्टिंग ने कवायद पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले चुनाव में उनकी इसी विधानसभा क्षेत्र में तैनाती थी, ये जानकारी दरोगा जी ने ही नहीं बताई या इस पहलू का सत्यापन ही नहीं हुआ ? फिलहाल, नामदार थाने में इनामदार दरोगाजी की पोस्टिंग पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है। थाना तो वीवीआईपी नंबर 0001 जैसी पोस्टिंग वाला मिल गया, लेकिन अब चुनावी गाइडलाइन के पेंच में उनकी नैय्या कैसे पार होगी, यही बड़ा सवाल है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button