“हरकी पैड़ी पर परिजनों से बिछड़ी 55 वर्षीय महिला रेलवे स्टेशन पर मिली, जीआरपी ने सकुशल मिलाया..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंची 55 वर्षीय महिला भीड़भाड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़ गई। परिजनों से बिछड़ने के बाद घबराई और परेशान महिला को जीआरपी हरिद्वार की टीम ने तलाश कर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बाद में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम हरिद्वार के माध्यम से सूचना मिली कि राजवती पत्नी राजबहादुर, निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद, उम्र 55 वर्ष अपने परिजनों के साथ कांवड़ लेने हरकी पैड़ी पहुंची थीं। भीड़भाड़ के दौरान वह हरकी पैड़ी क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़ गईं। महिला की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से जीआरपी को उपलब्ध कराई गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जीआरपी बिपिन चंद्र पाठक के निर्देश पर हरिद्वार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक संजय गौड़, उपनिरीक्षक सुरभि बौडाई, हेड कांस्टेबल बीना, महिला कांस्टेबल रूपा बिजल्वाण और महिला कांस्टेबल ऊषा साहनी ने महिला की तलाश शुरू की।
जीआरपी टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक तलाश की। इसके बाद महिला रेलवे स्टेशन पर घबराई और दुखी हालत में मिली। पुलिसकर्मियों ने महिला को तत्काल हेल्प डेस्क पर लाकर बैठाया और उसे ढांढस बंधाया। महिला के सकुशल मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम हरिद्वार को दी गई।
सूचना मिलने के कुछ देर बाद महिला के भाई राजेश पुत्र टिल्लू, निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद, अन्य परिजनों के साथ रेलवे स्टेशन स्थित हेल्प डेस्क पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई और पहचान की पुष्टि के बाद जीआरपी ने राजवती को सकुशल उनके भाई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के सकुशल मिलने पर उसके भाई और अन्य परिजनों ने जीआरपी हरिद्वार पुलिस की तत्परता और मानवीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करते हुए हार्दिक धन्यवाद किया।



