
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल पुलिस ने लगातार फरारी काट रहे 5000 रुपये के इनामी अपराधी को आखिरकार धर दबोचा। पुलिस की कड़ी निगरानी और सटीक रणनीति के आगे शातिर की चालाकी फेल हो गई। लंबे समय से ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस को गुमराह कर रहा आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ ही गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में फरार व इनामी अपराधियों की धरपकड़ को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे इनामी आरोपी मोहसिन पुत्र इकबाल अहमद (उम्र 28 वर्ष), निवासी छिबरामऊ (उ.प्र.) हाल निवासी रावली महदूद, को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी 05 मार्च से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाने बदल रहा था।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए मोबाइल सर्विलांस की मदद ली। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने चीतल डेरी के सामने मैदान, सिडकुल क्षेत्र से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया,
जिसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक, हेड कांस्टेबल संजय शामिल रहे।



