
पंच👊नामा-ब्यूरो
काशीपुर: अवैध संबंधों में अंधी हुई पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पहले प्रेमी से शराब और जहर मंगवाया गया, फिर पति को जहर मिली शराब पिलाकर हत्या कर दी गई।
इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए शव को कार में रखकर नहर में फेंक दिया गया। सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आईटीआई पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
SSP अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने खोली हत्या की परतें….
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी गुड्डी और उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में दोनों टूट गए और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पति बन रहा था रास्ते का कांटा, रची गई खौफनाक साजिश….
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति कुलवन्त सिंह को दोनों अपने रिश्ते के बीच सबसे बड़ा रोड़ा मानते थे। इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 25 अप्रैल को आरोपी महिला ने अपने प्रेमी से जहर, शराब और अन्य सामान मंगवाया। इसके बाद पति कुलवन्त सिंह को जहर मिली शराब पिलाई गई। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।
शव को कार में रखकर नहर में फेंका, SDRF कर रही तलाश….
हत्या के बाद आरोपी महिला ने अपने प्रेमी को बुलाया। दोनों ने शव को अल्टो कार में रखा और तुमड़िया डैम से निकलने वाली बड़ी नहर के एनएच-74 बाईपास पुल पर पहुंचकर शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस की निशानदेही पर SDRF और पुलिस टीम लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है। मृतक का शव अभी बरामद नहीं हो सका है।
मां की शिकायत से खुला हत्या का राज….
मृतक कुलवन्त सिंह की मां चन्द्रवती निवासी ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला, थाना स्वार, रामपुर ने थाना आईटीआई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा 25 अप्रैल को अपनी पत्नी के पास जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बहू द्वारा बार-बार भ्रामक जानकारी दिए जाने और स्थानीय लोगों से पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आने पर महिला को अपनी बहू पर शक हुआ। इसी आधार पर थाना आईटीआई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
SSP अजय गणपति का सख्त संदेश…..
SSP अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधी चाहे कितनी भी शातिराना साजिश रच लें, पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकते। उन्होंने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका….
1:- प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, कोतवाली आईटीआई
2:- प्रभारी एसओजी सुनील सूतेड़ी, काशीपुर
3:- वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद बहुगुणा
4:- उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह
5:- अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान
6:- हेड कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल (एसओजी)
7:- कांस्टेबल हरीश नेगी
8:- महिला कांस्टेबल सीमा
9:- कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती
10:- कांस्टेबल सुरेन्द्र काम्बोज



