
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है।
एक माह तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई करते हुए लगभग ढाई करोड़ रुपये की अवैध नशीली सामग्री बरामद की है। इस दौरान 55 मुकदमे दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस की सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है।
जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर जिलेभर के सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। एसएसपी ने साफ निर्देश दिए थे कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
इसी क्रम में पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाते हुए तस्करों की धरपकड़ की और बड़ी मात्रा में गांजा, चरस, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान कुल 581.4 किलोग्राम गांजा, 1.058 किलोग्राम चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली जसपुर में 7 मुकदमे दर्ज कर 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जहां से 1.973 किलो गांजा, 41.29 ग्राम स्मैक और 36 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। कोतवाली कुण्डा पुलिस ने 3 मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 10.51 ग्राम स्मैक बरामद की। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने 6 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार कर 7.1 किलो गांजा, 95 ग्राम चरस और 8.88 ग्राम स्मैक बरामद की।
कोतवाली आईटीआई पुलिस ने 3 मामलों में 5 तस्करों को गिरफ्तार कर 4.27 किलो गांजा और 106 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं कोतवाली बाजपुर पुलिस ने 3 मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7.234 किलो गांजा और 19.62 ग्राम स्मैक बरामद की। थाना केलाखेड़ा पुलिस ने 3 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार कर 8 ग्राम स्मैक बरामद की, जबकि कोतवाली गदरपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 219 ग्राम चरस बरामद की। थाना दिनेशपुर पुलिस ने भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर 3.45 ग्राम स्मैक बरामद की।
इसी तरह कोतवाली पंतनगर पुलिस ने 2 मामलों में 2 तस्करों को गिरफ्तार कर 13.93 ग्राम स्मैक और 35 नशीली गोलियां बरामद कीं। ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने 2 मामलों में 2 नशे के धंधेबाजों को दबोचते हुए 161.51 ग्राम स्मैक और 6 नशीले इंजेक्शन बरामद किए। सबसे बड़ी कार्रवाई कोतवाली रुद्रपुर पुलिस के खाते में रही, जहां 5 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए और उनके कब्जे से 560.8 किलो गांजा, 106.9 ग्राम स्मैक और 192 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
कोतवाली किच्छा पुलिस ने 3 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार कर 111 ग्राम चरस, 133 ग्राम स्मैक और 14 नशीले इंजेक्शन बरामद किए। थाना पुलभट्टा पुलिस ने 2 मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार कर 114 ग्राम चरस और 3.83 ग्राम स्मैक बरामद की। कोतवाली सितारगंज पुलिस ने 4 मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार कर 29.38 ग्राम स्मैक बरामद की, जबकि कोतवाली नानकमत्ता पुलिस ने 3 मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 49.96 ग्राम स्मैक बरामद की। कोतवाली खटीमा पुलिस ने 6 मामलों में 6 तस्करों को गिरफ्तार कर 519 ग्राम चरस और 15.26 ग्राम स्मैक बरामद की, वहीं कोतवाली झनकईया पुलिस ने एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 3.44 ग्राम स्मैक बरामद की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



