अपराधहरिद्वार

“अधबने मकान में धधक रही थी अवैध शराब की भट्टी! पुलिस ने मारा छापा, एक गिरफ्तार, दो फरार..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देश पर सिडकुल पुलिस की कार्रवाई, 200 लीटर लाहान नष्ट कर बड़े नेटवर्क पर कसा शिकंजा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अवैध शराब के काले कारोबार पर सिडकुल पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए खालाटीरा क्षेत्र में चल रही कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में उपकरण, ड्रम और 6 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही करीब 200 लीटर लाहान को नष्ट कर दिया, जिससे बड़ी मात्रा में अवैध शराब तैयार कर सप्लाई की जानी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अवैध शराब के खिलाफ जारी इस मुहिम में पुलिस लगातार ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए ऐसे धंधेबाजों पर शिकंजा कस रही है।थाना सिडकुल प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर खालाटीरा स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर छापेमारी की। मौके पर विकास पुत्र सुरेंद्र निवासी घास मंडी ज्वालापुर को अवैध शराब बनाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने रिश्तेदार कुलदीप और दीपक के साथ मिलकर कच्ची शराब बनाकर आसपास के गांवों में सप्लाई करता था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुलदीप और दीपक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।पुलिस ने मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त एक भट्टी, लोहे व प्लास्टिक के कई ड्रम, कैन, पाइप, कपड़ा सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही 6 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई और लगभग 200 लीटर लाहान मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में थाना सिडकुल पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस टीम में थाना प्रभारी अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र शाह, कांस्टेबल अजय डोबाल, कांस्टेबल तनवीर अली, कांस्टेबल नरेंद्र चौहान शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!