“पिरान कलियर में तड़के चला सघन सत्यापन अभियान, 500 से अधिक लोगों की हुई जांच..
38 का मौके पर चालान, बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी..

पंच👊नामा
पिरान कलियर: जनपद में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने व वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पूरे जनपद में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह तड़के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में थाना पुलिस ने पीएससी बल के साथ क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने पिरान कलियर,
धनौरी, इमलीखेड़ा सहित आसपास के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, रेहड़ी-ठेली व फड़ लगाने वालों का गहन सत्यापन किया।
पुलिस द्वारा करीब 500 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 38 व्यक्तियों के मौके पर नगद चालान किए गए,
वहीं दो मामलों में 10-10 हजार रुपये के चालान भी काटे गए। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और लोग पुलिस की सख्ती से सतर्क नजर आए।
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों को भी सख्त हिदायत दी कि यदि किसी बाहरी व्यक्ति या किरायेदार को बिना पुलिस सत्यापन के मकान में रखा गया तो
उनके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अभियान में एसएसआई सुनील दत्त पांडे, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान सहित थाना पिरान कलियर का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
वहीं दूसरी ओर थाना पुलिस ने अभियान के दौरान महिलाओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस टीम ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के बारे में जानकारी दी।



