“जल खंडित होते ही भड़के कांवड़िए, युवक से मारपीट; चौकी इंचार्ज शहजाद अली की सूझबूझ से टला बड़ा बवाल..
तनाव बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल संभाला मोर्चा, हरकी पैड़ी से दोबारा गंगाजल भरवाकर कांवड़ यात्रियों को शांतिपूर्वक किया रवाना..

पंच👊नामा
रुड़की; कांवड़ यात्रा के दौरान इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के दरियापुर में शुक्रवार को गंगाजल खंडित होने के बाद अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांवड़ खंडित होने से आक्रोशित कांवड़ यात्रियों ने एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर दी।
सूचना मिलते ही इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली सबसे पहले मौके पर पहुंचे और हालात बिगड़ते देख तत्काल मोर्चा संभाल लिया। काफी देर तक वह भड़के कांवड़ यात्रियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। उनकी सूझबूझ और संयमित प्रयासों से संभावित बड़ा बवाल टल गया।
जानकारी के अनुसार, कलियर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर में सरसावा (सहारनपुर) से आए कांवड़ यात्री गुजर रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय युवक का पैर कांवड़ से टकरा गया, जिससे कांवड़ असंतुलित होकर नीचे गिर गई और उसमें रखा गंगाजल खंडित हो गया। घटना से नाराज कांवड़ यात्रियों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शहजाद अली तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को अलग कराने के साथ ही लगातार कांवड़ यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक वह मौके पर डटे रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। इस दौरान घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाद में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंच गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए समाधान निकाला।
पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्रियों के साथ हरकी पैड़ी भेजा, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। इसके बाद विधि-विधान के साथ कांवड़ को पुनः स्थापित कराया गया और कांवड़ यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि एक युवक का पैर लगने से गंगाजल खंडित होने के बाद विवाद हुआ था। मारपीट में एक युवक घायल हुआ है। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया। दोबारा गंगाजल भरवाकर कांवड़ यात्रियों को शांतिपूर्वक उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस पूरी घटना में इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली की त्वरित कार्रवाई, धैर्य और सूझबूझ अहम साबित हुई। उन्होंने शुरुआती दौर में ही हालात संभाल लिए, जिसके चलते मामला और अधिक नहीं बढ़ा तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।



