
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: HARIDWAR की पवित्र धरती पर आस्था के नाम पर ठगी का खेल खेलने वाले ढोंगी बाबाओं पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 18 ऐसे कालनेमि बाबाओं को हिरासत में लिया है, जो साधु-संत का भेष धारण कर लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं को झांसे में लेकर उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे थे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत जनपद भर में ऐसे छद्मवेशी बाबाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग धर्म और आस्था की आड़ में भोले-भाले लोगों को उनके निजी और घरेलू समस्याओं का समाधान बताने का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कोतवाली नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए साधु-संतों के भेष में घूम रहे 18 संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है और अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी तथाकथित बाबा लोगों को भ्रमित कर उनकी धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाते थे और इलाज, समस्या समाधान व चमत्कार के नाम पर उनसे पैसे ऐंठते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे ढोंगी तत्वों में हड़कंप मच गया है।
पकड़े गए कालनेमि ढोंगी बाबा…
सुरेश (दिल्ली), बबलु कुमार दास (बिहार), जयति यादव (वाराणसी), संतराम (लखनऊ), गिरीश (केरल), कैलाश (महाराष्ट्र), बाबा बालकनाथ (लखनऊ), अजय कुमार (कोलकाता), मलचंद दास (मध्यप्रदेश), लल्लन चौधरी (बिहार), गुत्लु (मेरठ), संजय (कानपुर), शंकर सिंह (पीलीभीत), रामकुमार (हरदोई), सुरेंद्र (अलीगढ़), बोगी राजेंद्र प्रसाद (बिहार), ठोकन बाबा (पश्चिम बंगाल) और कमल ठाकुर (हरिद्वार)।



