उत्तरकाशी पुलिस की नशे पर “सर्जिकल स्ट्राइक, 25 लाख की “अफीम के साथ तस्कर दबोचा….
: नशा मुक्त उत्तरकाशी के लिए एक्शन मोड़ में एसपी मणिकांत मिश्रा…
पंच 👊 नामा ब्यूरो
देहरादून: उत्तरकाशी पुलिस ने एक बार फिर नशे पर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की विशेष मुहिम “नशा मुक्त उत्तरकाशी” के तहत पुलिस टीम ने एक किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की कीमत 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी “मणिकांत मिश्रा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार एक्शन मोड़ मे हैं। युवाओं में बढती नशे की प्रवृति रोकने से लेकर अवैध नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई तक, वह जी जान से जुटे हुए हैं। उत्तरकाशी से अवैध नशे को जड़ से खत्म करने के लिए उन्होंने “नशा मुक्त उत्तरकाशी” अभियान चलाया हुआ है जिसके लिए वह लगातार जिलें के क्षेत्राधिकारियों/ थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों से संवाद कर उन्हें उचित दिशा निर्देश दे रहे हैं। सोमवार रात क्षेत्राधिकारी बड़कोट अनुज के पर्यवेक्षण और पुरोला एसओ अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर सुरागरसी-पतारसी करते हुये चैकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने ग्राम रिखाऊ जाने वाली सड़क डामटा के पास से एक व्यक्ति को 1 किग्रा अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी दर्शन सिंह पुत्र स्व. इन्द्र सिंह निवासी ग्राम ग्वाल गांव पो0 मसरी तह0 व थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी ने बताया गया कि अवैध अफीम उसने नैनबाग की तरफ एक व्यक्ति से खरीदी है और नैटवाड़ सांकरी में बेचने ले जा रहा था।

उत्तरकाशी पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अफीम कहां से खरीदी गई है और कहां ले जाकर बेची जानी थी, इस बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि नशे पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम में अशोक कुमार थानाध्यक्ष पुरोला, उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर नौटियाल चौकी प्रभारी डामट, उपनिरीक्षक मोहन कठैत चौकी प्रभारी नौगांव, कांस्टेबल अरविन्द असवाल, अजय सिंह व विजेन्द्र सिंह शामिल रहे।