
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सोशल मीडिया पर वर्चस्व की लड़ाई अब सड़कों पर खूनी गैंगवार का रूप लेने लगी है। इंस्टाग्राम पर कमेंटबाजी और दबदबा कायम करने के लिए मारपीट की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात “पिल्ला गैंग” पर कनखल पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है।
गैंग के दो और सदस्यों को पुलिस ने तमंचा, कारतूस और नुकीले सुए के साथ दबोच लिया। आरोप है कि बदमाश किसी व्यक्ति की हत्या की फिराक में इलाके में घूम रहे थे। मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना और दहशत फैलाना गैंग का पुराना तरीका बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और गैंगबाज युवकों पर शिकंजा कस रही है।
इसी क्रम में कनखल क्षेत्र में बढ़ती गैंग गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सादे कपड़ों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी अभियान चलाया।
प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अरुण उर्फ बोडा और रवि सिंह उर्फ सरदार निवासी कनखल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रवि उर्फ सरदार थाना कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में शामिल रहा है और पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बीती 10 अप्रैल को कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे में कुल 11 आरोपी चिन्हित किए गए थे। इससे पहले पुलिस दो नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि अब दो और बदमाशों को दबोचा गया है। मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सबसे अहम बात यह रही कि आरोपियों की पहचान इंस्टाग्राम पर वायरल मारपीट की वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से प्राप्त फुटेज के जरिए की गई। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर युवाओं में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में SHO देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, जगजीतपुर चौकी इंचार्ज सुधांशु कौशिक, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, कांस्टेबल उमेद सिंह व कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे।



