
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: घर में काम करने वाली नौकरानी ने भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद उसने मालकिन को यह भरोसा दिला दिया कि संभवतः उन्होंने ही गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं।
करीब एक साल तक मामला दबा रहा, लेकिन इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर फोटो पोस्ट करना आरोपी महिला को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने के बाद मालकिन को अपने चोरी हुए हार की पहचान हुई और पुलिस तक मामला पहुंच गया। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के हीरे व सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने एक जुलाई को राजपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के महंगे आभूषण गायब हो गए थे। काफी तलाश के बावजूद जब गहने नहीं मिले तो उन्हें लगा कि शायद उन्होंने ही उन्हें कहीं रख दिया है या किसी रिश्तेदार को दे दिया है। इस दौरान उन्हें अपनी घरेलू सहायिका पर कोई संदेह नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की फोटो दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने हुई थी। फोटो देखते ही नितिशा को शक हुआ कि यह हार उन्हीं का है। जांच करने पर पता चला कि फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा के घर घरेलू सहायिका का काम करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने मौका पाकर हीरे व सोने के गहने चुरा लिए। मालकिन का भरोसा जीतने के लिए उसने उन्हें लगातार यही विश्वास दिलाया कि गहने कहीं और रखे होंगे। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के बाद कई बार गहने बेचने का प्रयास किया, लेकिन हीरे के महंगे आभूषण होने के कारण खरीदार नहीं मिले। इसी बीच इंस्टाग्राम पर हार पहनकर फोटो डालना उसके लिए मुसीबत बन गया और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गई।
पुलिस ने आरोपी विमला पत्नी रंजीत, मूल निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।



