अपराधहरिद्वार

“लापता किशोरी की बरामदगी के कुछ घंटों बाद मौत… मातम में बदली परिजनों की खुशियां!

हरिद्वार से ऋषिकेश तक दोस्त संग घूमती रही 15 वर्षीय किशोरी, पोस्टमार्टम में “सस्पेक्टेड पॉयजन” की आशंका से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: haridwar में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्यूशन के लिए घर से निकली किशोरी पहले लापता हुई, फिर पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम में “सस्पेक्टेड पॉयजन” की आशंका सामने आने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। अब परिजनों ने किशोरी के दोस्त ऋतिक समेत अन्य युवक-युवतियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी पुलिस गहन जांच में जुट गई है।एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय पोती 8 मई की शाम करीब चार बजे ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक ललिता चुफाल को सौंपी गई।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। इसके बाद 9 मई की सुबह करीब 11 बजे किशोरी को पुलिस और परिजनों ने बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ घूमने गई थी। दोनों पहले हरिद्वार और फिर ऋषिकेश गए, जहां गंगा किनारे समय बिताया। बाद में रात में कनखल क्षेत्र में भी गंगा किनारे रुके रहे। सुबह किशोरी ने अपनी सहेली को फोन कर अपने कनखल में होने की जानकारी दी, जिसके बाद सहेली ने परिजनों को सूचना दी और पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया।पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान किशोरी और उसके परिजनों ने किसी प्रकार का अपराध होने से इनकार किया और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाही। आवश्यक पूछताछ के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि उसी शाम पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। परिजन उसे उपचार के लिए रानीपुर मोड़ स्थित सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया।शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के शरीर में “सस्पेक्टेड पॉयजन” होने की बात सामने आई है। किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने उसके मित्र ऋतिक और अन्य महिला-पुरुष मित्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!