
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कहीं आपराधिक वारदात की फिराक में खुखरी लेकर घूम रहा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा तो कहीं नशे के कारोबार में उतरकर मोटा मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहा तस्कर दबोच लिया गया। उधर, नशे की लत पूरी करने के लिए साइकिल चोरी करने वाला आरोपी भी पुलिस के हाथ लग गया। आईएसबीटी में सार्वजनिक रूप से हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई हुई तो संडे मार्केट के पास सट्टा खिलाने वाला भी सलाखों के पीछे पहुंच गया। एक ही दिन में पटेलनगर पुलिस की पांच अलग-अलग कार्रवाइयों से अपराधियों में खलबली मची रही।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त, चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने इन निर्देशों को जमीन पर उतारते हुए अलग-अलग मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक ओर अवैध खुखरी लेकर घूम रहा युवक पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर स्मैक तस्करी, साइकिल चोरी, सार्वजनिक हुड़दंग और सट्टे के मामलों में भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
केस-1 : आसन नदी पुल के पास खुखरी लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार….
पटेलनगर पुलिस की चेकिंग के दौरान आसन नदी पुल के पास एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शोभित पुत्र रमेश, निवासी बहादरपुर रोड, वृंदावन कॉलोनी, सेलाकुई, उम्र 28 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान खुखरी बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की आपराधिक तैयारी को मौके पर ही रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
केस-2 : चार लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, नशे के आदी लोगों को बेचने की थी तैयारी….
पटेलनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और कार्रवाई करते हुए 13.33 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार पुत्र प्रीतम कुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया था। वह स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। आरोपी के कब्जे से 13.33 ग्राम स्मैक बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अब आरोपी के नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों और स्मैक की सप्लाई के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
केस-3 : 24 घंटे में साइकिल चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; सात साइकिलें बरामद….
पटेलनगर पुलिस ने साइकिल चोरी की शिकायत मिलने के महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
27 सितंबर को शोभा सिंह पुत्र महेंद्र ने अपनी साइकिल घर से चोरी होने की शिकायत कोतवाली पटेलनगर में दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना आरोपी सौरभ अरोड़ा पुत्र नरेश अरोड़ा, निवासी संजय कॉलोनी, थाना पटेलनगर, उम्र 27 वर्ष को चोरी की गई साइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत के चलते चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार वह चोरी की साइकिल बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई छह और साइकिलें बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल सात चोरी की साइकिलें बरामद की हैं।पुलिस अब बरामद अन्य साइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि वे किन स्थानों से चोरी की गई थीं और इनके पीछे आरोपी की कितनी अन्य घटनाओं में संलिप्तता है।
केस-4 : आईएसबीटी में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने तीन हुड़दंगियों को दबोचा….
आईएसबीटी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट ने स्थिति को तनावपूर्ण कर दिया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट कर रहे थे। सार्वजनिक स्थान पर झगड़े के कारण राहगीरों के भी चोटिल होने की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के लोग और अधिक उग्र होकर मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहिल पुत्र रहीश खान, निवासी आजाद कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, उम्र 35 वर्ष, फरहान पुत्र बब्बल खान, निवासी आजाद कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, उम्र 26 वर्ष तथा अफरीदी खान पुत्र बबलू खान, निवासी आजाद कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य मौके पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करना और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग को रोकना रहा।
केस-5 : संडे मार्केट के पास सट्टा खिलाने वाला गिरफ्तार, 6600 रुपये नकद बरामद…..
पटेलनगर पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संडे मार्केट ग्राउंड के पास एक व्यक्ति को सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों से सट्टा लगवा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी को सट्टा कापी, पेन और 6600 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुदेश राठौर पुत्र विक्रम सिंह, निवासी चंद्रमणि, थाना पटेलनगर, उम्र 35 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी जूस की दुकान चलाता है और जल्द पैसा कमाने के लालच में लोगों को सट्टा खिलाने लगा था। वह लोगों से सट्टा लगवाकर जीतने वाले व्यक्ति की धनराशि में से अपना कमीशन काटता और शेष रकम उसे देता था। आरोपी के खिलाफ 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।



