“विश्व जनसंख्या दिवस पर बंदियों और बच्चों को मिला कानून का पाठ, विधिक सेवा प्राधिकरण की अनोखी पहल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से शनिवार को जिला कारागार रोशनाबाद और राजकीय सम्प्रेक्षण गृह रोशनाबाद में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसंख्या नियंत्रण के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश व जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने जिला कारागार रोशनाबाद में बंदियों को संबोधित करते हुए विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं और उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने भी बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवाओं और उनके अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बंदियों व अन्य प्रतिभागियों को सचिव सिमरनजीत कौर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, रोशनाबाद में भी विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने बच्चों को जनसंख्या वृद्धि के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव, शिक्षा के महत्व और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प व अन्य रचनात्मक कार्यों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। साथ ही उन्होंने सम्प्रेक्षण गृह में उपलब्ध कराई जा रही भोजन सामग्री की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। दोनों कार्यक्रमों के सफल आयोजन में जिला कारागार प्रशासन, डिप्टी जेलर प्रमोद दानू, सम्प्रेक्षण गृह के अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। वहीं लॉ इंटर्न्स ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए बंदियों और बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और उन्हें विधिक जागरूकता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।



