
पंच👊नामा
रुड़की: बर्थडे पार्टी के दौरान अवैध तमंचा लहराते हुए डांस करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी,
जिसके बाद हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात शेखर सुयाल ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और संदिग्ध स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक खुलेआम अवैध अस्लाह के साथ नाचता दिखाई दे रहा था।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में कोतवाली रुड़की पुलिस ने सर्विस लाइन डबल फाटक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी अंशुल कुमार पुत्र देवेन्द्र राम निवासी शाकुम्बरी इन्क्लेव दिल्ली रोड,
कोतवाली रुड़की को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रजत चौधरी, हेड कांस्टेबल नूर मलिक, कांस्टेबल अरविंद कुमार व कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे।



