
पंच👊नामा-ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा किलो से ज्यादा अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच में जुट गई है।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी नई टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना मुनिकीरेती पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मुनिकीरेती क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 533 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील थापा पुत्र मित्र बहादुर थापा निवासी गुल्मी, लुम्बिनी नेपाल, हाल निवासी हरियाणा टापू हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क के जरिए चरस की सप्लाई कर रहा था और उसके संपर्क किन-किन लोगों से जुड़े हैं। पुलिस टीम में निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला, ढालवाला चौकी प्रभारी प्रदीप रावत, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल नजाकत और कांस्टेबल रविन्द्र नेगी शामिल रहे।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों में टिहरी गढ़वाल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 40 लीटर अवैध कच्ची शराब, 4 पेटी और 55 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ-साथ 533 ग्राम चरस भी बरामद की है। एसएसपी श्वेता चौबे ने साफ कहा है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



