
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब के धंधे पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने शनिवार को ज्वालापुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई में कहीं परचून की दुकान तो कहीं घर में अवैध शराब बिकती मिली।
टीम ने भारी मात्रा में देसी व अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई से अवैध शराब के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजौला ने बताया कि क्षेत्र-1 के आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने जोगिंदर और नौरती के घरों पर दबिश दी। इसके बाद ऋषिकुल चौराहे के पास संजय और सोमपाल के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। अभियान के दौरान बैरागी कैंप क्षेत्र से उपदेश नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में 324 टेट्रा पैक माल्टा देसी शराब (करीब आठ पेटी), 21 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा नौ बीयर कैन बरामद किए गए। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई की भनक लगते ही कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजौला ने बताया कि कांवड़ मेले के मद्देनज़र अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
सीमित संसाधनों और कम स्टाफ के बावजूद आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब का धंधा नहीं होने दिया जाएगा। धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल आबकारी विभाग या पुलिस को सूचित करें। विभाग का विशेष अभियान कांवड़ मेले की समाप्ति तक लगातार जारी रहेगा।



