उत्तराखंड

“उत्तराखंड में बड़ा हादसा: विष्णुगाड़-पीपलकोटी सुरंग में दो लोको ट्रेनों की भीषण टक्कर, 90 से अधिक घायल..

सुरंग के अंदर ब्रेक फेल होने से पलटीं दोनों ट्रेनें, 110 इंजीनियर व कर्मचारी थे सवार, 42 गंभीर घायल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। सुरंग के भीतर कर्मचारियों व श्रमिकों को ले जा रही पैसेंजर लोको ट्रेन की टक्कर सामान ढो रही लोको ट्रेन से हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रेनें पलट गईं। हादसे में 90 से अधिक लोग घायल हो गए। ट्रेन में कुल 110 लोग सवार थे।

हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। टीएचडीसी की 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना के तहत पीपलकोटी के हाट गांव से हेलंग तक 13.5 किमी लंबी सुरंग का निर्माण चल रहा है। अब तक सात किमी सुरंग बन चुकी है। मंगलवार रात शिफ्ट बदलने के दौरान कर्मचारी व मजदूर लोको ट्रेन से बाहर आ रहे थे। इसी बीच सुरंग के भीतर करीब पांच किमी पर सामान ला रही लोको ट्रेन के ब्रेक फेल हो गए और वह पैसेंजर ट्रेन से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों लोको ट्रेनें पटरी से उतरकर पलट गईं। हादसे में इंजीनियर, कर्मचारी और मजदूर घायल हो गए। अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरंग से बाहर निकाला और 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को विवेकानंद चिकित्सालय पीपलकोटी पहुंचाया गया। इनमें से 42 गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर रेफर किया गया। मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार और एसपी सुरजीत सिंह पंवार देर रात जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्था को लेकर चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हादसे का प्रारंभिक कारण सामान ले जा रही लोको ट्रेन का ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!