
पंच👊नामा
भगवानपुर/रुड़की; भगवानपुर क्षेत्र के हल्लू माजरा गांव में युवक पर हुए चाकू के हमले ने आखिरकार उसकी जान ले ली। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। देहरादून ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी निवादा निवासी मुफीद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पर उसके ही मामा द्वारा चाकू से हमला किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन उपचार के लिए देहरादून ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस को तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आरोपी की तलाश भी पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



