“गबन के आरोपी पंचायत अधिकारी पर मेहरबानी क्यों? सुराज सेवा दल ने SSP हरिद्वार को सौंपा ज्ञापन, जेल भेजने की उठाई मांग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ग्राम पंचायत अकौड़ा खुर्द में कथित गबन मामले को लेकर सुराज सेवा दल ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप सैनी और ग्राम प्रधान के खिलाफ दर्ज मुकदमे में जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
सुराज सेवा दल का आरोप है कि लाखों रुपये के गबन के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा करीब सात महीने पहले मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। संगठन ने इसे आम जनता के साथ अन्याय और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाला रवैया बताया।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि यदि कोई आम व्यक्ति छोटी सी गड़बड़ी में पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर दी जाती है, लेकिन सरकारी तंत्र से जुड़े लोगों पर नियम-कानून ढीले पड़ जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप सैनी को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है या फिर उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जीरो टॉलरेंस नीति की बात करती है, ऐसे में इस मामले में भी निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सुराज सेवा दल ने मांग की कि आरोपी अधिकारी की आय और संपत्ति की जांच कराई जाए तथा जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी को जेल नहीं भेजा गया तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।



