“महिलाएं सुरक्षित नही, सरकार सिर्फ बयानबाज़ी में व्यस्त” — भाजपा का पुतला फूंक कांग्रेस का हल्लाबोल..
रुड़की में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राजेंद्र चौधरी बोले — “महिला अपराधियों को संरक्षण दे रही भाजपा सरकार..

पंच👊नामा, रुड़की: प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चंद्रशेखर चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री वीना आनंद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों पर चिंता जताते हुए सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इस कर्तव्य का निर्वहन करने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई मामलों में महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर “छोटी मानसिकता” रखती है, इसलिए कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से “छोटा पुतला” दहन किया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता और सहयोग का संकल्प लेने की अपील भी की।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि भाजपा में महिलाओं के सम्मान की भावना नहीं है और यही कारण है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं महिला कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष यास्मीन खान ने भाजपा पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को अब तक 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं दिया गया। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण सहित विभिन्न मामलों का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
कार्यक्रम में वीना आनंद, यास्मीन खान, भावना चौधरी, मनु जैन, गौरव गोयल, सलीम खान, रिजवान अहमद, सुभाष सैनी, आशीष चौधरी, नीरज सैनी, वैभव सैनी, ओवेश अंसारी, भूषण त्यागी, मोहित त्यागी, संजय गुड्डू, डॉ. शमशाद मीर, डॉ. हरविंदर सिंह, सुधीर चौधरी, सुभाष चंद्र शर्मा, मिंटू जायसवाल, नंद लाल यादव, नासिर, नूर आलम मलिक, पंकज त्यागी, प्रधान जसवीर सिंह, प्रणय प्रताप, नीरज अग्रवाल, सुशील कश्यप, मुकुल प्रधान, वैभव धीमान, मदनपाल सिंह भडाना, लवी त्यागी, जाकिर हुसैन, सलमान, गौरव प्रधान, पंकज सोनकर, राहुल सैनी, मेला राम प्रजापति, समीर खान, मोहन नारायण सक्सेना, ओमबीर सिंह मलिक, संजीव राणा, तुषार अरोड़ा, सादिक खान, आज़म अल्वी, शोएब सैफी, साजिद मोइन अली, अरुण कुमार, राजकुमार, विभु जुनेद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


