पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एसएमजेएन पीजी कॉलेज में आयोजित स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं का आशीर्वाद एवं विदाई समारोह भावुक माहौल, रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रेरणादायी संदेशों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने कॉलेज जीवन की यादों को साझा किया, वहीं शिक्षकों ने उन्हें जीवन में नैतिकता, अनुशासन और संस्कारों को सर्वोपरि रखने की सीख दी। समारोह में रैंप वॉक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न टाइटल्स ने उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और कॉलेज प्रबंध समिति अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ रविन्द्र पुरी ने कहा कि महाविद्यालय में अर्जित शिक्षा और संस्कार विद्यार्थियों के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही संस्थान की विरासत और परंपरा रूपी वटवृक्ष के वास्तविक संवाहक हैं और उनकी उपलब्धियां महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि एसएमजेएन जैसे शिक्षण संस्थान केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संस्कार भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। बीए की छात्रा चारू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि छात्र ही किसी भी संस्थान की पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बिताया गया समय केवल पढ़ाई का नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण दौर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन के हर मोड़ पर नैतिकता और मूल्यों से समझौता न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय केवल परीक्षा का नहीं बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य और संकल्प की भी परीक्षा है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसएमजेएन आदर्श शिक्षा और संस्कारों का उत्कृष्ट केंद्र है।
समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को विशेष टाइटल देकर सम्मानित किया। राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र भावेश, छात्रा रिया और वाणिज्य विभाग की छात्रा कीर्ति शर्मा ने महाविद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों की रैंप वॉक कार्यक्रम का आकर्षण रही।
शैक्षणिक उपलब्धियों में एमकॉम की छात्रा कीर्ति शर्मा, एमए अर्थशास्त्र की छात्रा मानसी विश्नोई और राजनीति विज्ञान की छात्रा रिया कश्यप को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। राजनीति शास्त्र के छात्र भावेश को “मिस्टर एसएमजेएन” और एमए राजनीति शास्त्र की छात्रा तनिशा को “मिस एसएमजेएन” का खिताब मिला। करण भारद्वाज और एमकॉम की छात्रा ईशा को बेस्ट परिधान चुना गया। एमए समाजशास्त्र के प्रभात को सबसे स्टाइलिश छात्र और भव्या जोशी को सबसे स्टाइलिश छात्रा का खिताब प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में चारू, संध्या, मोनिका और माही ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। प्राध्यापिका अमिता मल्होत्रा, पूर्व छात्र मेहताब आलम और पूर्व छात्राएं शीना भटनागर व लक्ष्मी ने गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। एमए अंग्रेजी की छात्रा मोहिनी ने भावपूर्ण काव्य पाठ किया, जबकि छात्रा गंगा के नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का संचालन रुचिता सक्सेना, डॉ मीनाक्षी शर्मा और डॉ पल्लवी ने किया। इस अवसर पर डॉ नलिनी जैन, प्रो. विनय थपलियाल, डॉ शिव कुमार चौहान, डॉ मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डॉ आशा शर्मा, डॉ लता शर्मा, डॉ मोना शर्मा, डॉ रेनू सिंह, डॉ अनुरीषा, डॉ रजनी सिंघल, डॉ सरोज शर्मा, डॉ वंदना, योगेश्वरी, दिव्यांश शर्मा, भव्या भगत, डॉ पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ पुनिता शर्मा, डॉ पद्मावती तनेजा, डॉ मनीषा पाण्डेय और कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



