अपराधहरिद्वार

“जल्दी अमीर बनने” के चक्कर में पहुंचा जेल, ड्राइवरी छोड़ कर उतरा था नशे की दलदल में..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, करीब एक लाख की स्मैक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर: हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चल रही जंग लगातार तेज होती जा रही है। “ऑपरेशन प्रहार” और “नशा मुक्त देवभूमि-2026” अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने एक ऐसे शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसने नशे की लत, कोर्ट-कचहरी के खर्चे और जल्दी पैसा कमाने की हवस में अपराध की दुनिया को अपना धंधा बना लिया। आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की 5.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुकर्रबपुर बस्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची।प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान वसीम पुत्र रहीश निवासी झोझोवाली मस्जिद, कस्बा कलियर, थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है। पुलिस पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह नशा करने वालों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक इकट्ठा करता था और फिर उसे ऊंचे दामों पर क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और नशेड़ियों को बेचता था।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ड्राइवरी का काम करता है, लेकिन उसके खिलाफ पहले से वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी ने बताया कि कोर्ट के खर्चे, वकीलों की फीस, नशे की लत और निजी खर्च पूरे करने के लिए वह स्मैक तस्करी में उतर गया था। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाह ने उसे अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।पिरान कलियर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उप निरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार कांस्टेबल प्रकाश मनराल व होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!