“नौ माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए 15 आरक्षी..
पासिंग आउट सेरेमनी में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; नौ माह के कठिन और गहन प्रशिक्षण के बाद 15 प्रशिक्षु आरक्षी आज उत्तराखंड पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हो गए। पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित पासिंग आउट सेरेमनी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की
और प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जनपदीय पुलिस के आरक्षियों का नौ माह का प्रशिक्षण 17 नवंबर 2025 से शुरू हुआ था। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अंतःकक्ष प्रशिक्षण में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता,
भारतीय साक्ष्य अधिनियम, भारतीय संविधान, विविध अधिनियम, पुलिस व समाज, मानव व्यवहार और मनोविज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अपराधशास्त्र, थाना अभिलेख, पुलिस संगठन व प्रशासन और पुलिस रेगुलेशन जैसे विषय शामिल रहे।
वहीं, बाह्य कक्ष प्रशिक्षण के तहत पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पुलिस पीटी/पीई, योग व यूएसी आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों, अनुशासन और कर्तव्यों की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
अंतःकक्ष परीक्षाओं में रिक्रूट महिला आरक्षी अंजुम निशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बाह्यकक्ष परीक्षाओं में रिक्रूट आरक्षी फैज आलम प्रथम रहे। संपूर्ण प्रशिक्षण के दौरान सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट का खिताब भी फैज आलम के नाम रहा। इसके साथ ही उन्हें पासिंग आउट परेड के दौरान परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
एसएसपी देहरादून ने प्रशिक्षण व परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनकी पीठ थपथपाकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी नवप्रशिक्षित आरक्षियों से पूरी लगन, अनुशासन और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान एसएसपी ने प्रशिक्षुओं को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों और कर्तव्यों की महत्ता समझाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और अनुशासन को पुलिस सेवा में पूरी निष्ठा के साथ लागू करना उनकी जिम्मेदारी है।
पासिंग आउट सेरेमनी में क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी का समस्त स्टाफ, प्रशिक्षु आरक्षियों के परिजन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु…..
1:- अंतःकक्ष में प्रथम: रिक्रूट महिला आरक्षी अंजुम निशा
2:- बाह्यकक्ष में प्रथम: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम
3:- सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम
4:- परेड कमांडर: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम



