
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में एक नर्स का शव शौचालय में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सलोनी (पुत्री पूरण, निवासी जमालपुर) के रूप में हुई है, जो इसी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी।
—————————————-
कैसे हुई घटना….गुरुवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सलोनी की ड्यूटी थी, लेकिन शाम करीब 5 बजे से वह अचानक लापता हो गई। अस्पताल स्टाफ ने उसे पूरे अस्पताल में खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बाद में एक शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद मिला। स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। संदेह बढ़ने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर सलोनी का शव पड़ा मिला। उसका मोबाइल फोन भी शौचालय के अंदर ही पड़ा था।
—————————————-
पुलिस जांच में जुटी…..घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी और एसपी सिटी पंकज गैरोला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ से पूछताछ की।
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया “नर्स की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चलेगा।