“कांग्रेस को झटका: सैकड़ों समर्थकों संग सुमित अग्रवाल ने थामा सुराज सेवा दल का दामन, जिला अध्यक्ष नियुक्त..
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: प्रदेश की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल देखने को मिली जब सुमित अग्रवाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रेस क्लब देहरादून में सुराज सेवा दल की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इस मौके पर संगठन ने सुमित अग्रवाल को जिला अध्यक्ष व रीमा शर्मा को प्रेम नगर महिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की।
क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर संगठन से जुड़े सुमित…..
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुमित अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छोड़कर सुराज सेवा दल का दामन इसलिए थामा
क्योंकि वर्तमान में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा कमजोर पड़ गई है और दोनों दलों का मुख्य उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्ति रह गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को ऐसे क्षेत्रीय संगठन की आवश्यकता है जो मूल समस्याओं पर काम करते हुए मैदान और पहाड़ को साथ लेकर चले, और यह भूमिका सुराज सेवा दल प्रभावी रूप से निभा रहा है।
सर्वसम्मति से नियुक्तियां घोषित…..
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सर्वसम्मति से सुमित अग्रवाल को जिला अध्यक्ष और रीमा शर्मा को प्रेम नगर महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
सदस्यता के बाद निकाली रैली….
सदस्यता कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ता प्रेस क्लब से रैली के रूप में प्रदेश कार्यालय, सिरमौर मार्ग राजेंद्र नगर तक पहुंचे। रैली के दौरान संगठन के समर्थन में नारेबाजी की गई और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की गई।
भ्रष्टाचार और अपराध पर आंदोलन जारी…..
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है, जिसके खिलाफ संगठन लगातार आंदोलन कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी तत्व प्रदेश में आकर ब्याज, विवादित भूमि और नशे के कारोबार के जरिए प्रदेश को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि अपराध दर में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाता रहेगा।
संगठन विस्तार पर जोर……
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने संगठन को जन-जन तक पहुंचाने और प्रदेशहित के मुद्दों पर व्यापक जनआंदोलन चलाने की बात कही। सदस्यता ग्रहण करने वालों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे।



