“ईद के कपड़ों को लेकर घर से रूठी नाबालिग, 10 दिन बाद रामपुर स्टेशन से सकुशल मिली… कलियर पुलिस ने लौटाई परिजनों की मुस्कान..
पंच👊नामा
रुड़की: पिरान कलियर क्षेत्र से अचानक लापता हुई एक नाबालिग बालिका को हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन स्माइल अभियान” के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के न मिलने से मायूस हो चुके परिजन जब पुलिस की सक्रियता से उसे सुरक्षित पाकर घर लौटे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल अभियान” के तहत की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
दरअसल 01 मार्च को रहमतपुर कलियर निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिरान कलियर पहुंचकर सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री 19 फरवरी 2026 को बिना बताए घर से लापता हो गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामला नाबालिग बालिका से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद भर में नाबालिगों की गुमशुदगी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पिरान कलियर पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता देते हुए बालिका की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए और सभी संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, फोटो पंपलेट, DCRB-SCRB नेटवर्क, दूरदर्शन, अनाथालय, सेल्टर होम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मदद से बालिका की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को रामपुर रेलवे स्टेशन (उत्तर प्रदेश) पर बालिका का सुराग मिला, जहां से उसे सकुशल बरामद कर पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह ईद पर नए कपड़े दिलाने को लेकर पिता से नाराज होकर घर से निकल गई थी। पहले वह सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और बाद में ट्रेन से रामपुर चली गई, जहां स्टेशन पर ही समय बिताती रही। पुलिस पूछताछ में बालिका ने अपने साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्व्यवहार से इनकार किया।
विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए टीम की सराहना की। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक विशाखा असवाल, अपर उपनिरीक्षक राम अवतार, हेडकांस्टेबल कुम्पाल तोमर व महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रही।



