
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। पंजनहेड़ी गोलीकांड में फरार चल रहे भाजयुमो नेता सहित तीन आरोपितों को कनखल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराने के बाद अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता कनखल थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई को लेकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान, अभिषेक चौहान और गौरव चौहान शामिल हैं। तीनों आरोपी 28 जनवरी को पंजनहेड़ी गांव में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
दरअसल, 28 जनवरी को पंजनहेड़ी गांव में अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर प्रशासनिक टीम भूमि पैमाइश के लिए पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासनिक टीम और पुलिसकर्मियों को भी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा था।
इस मामले में मुख्य आरोपी अतुल चौहान ने घटना के कुछ समय बाद कनखल थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था। जबकि उसका भतीजा तरुण चौहान, अभिषेक चौहान और गौरव चौहान तभी से फरार चल रहे थे। तीनों आरोपियों ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने दबाव बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में कनखल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें अदालत में पेश करेगी।
वहीं, गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कई कार्यकर्ता कनखल थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया।
पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



