अपराधहरिद्वार

“शहर के नामी परिवार के दंपती पर नौ करोड़ हड़पने का आरोप, भरोसा जीतकर बनाया शिकार, सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शहर के एक नामी परिवार से जुड़े दंपती पर भरोसा जीतकर करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पति-पत्नी ने भरोसे का फायदा उठाकर साझेदारी में खरीदी गई जमीन बेचकर करीब नौ करोड़ रुपये हड़प लिए। अदालत के आदेश पर सिडकुल थाना पुलिस ने दंपती और उनके मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धरपकड़ की तैयारी शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, शिवालिक नगर फेस-3 निवासी रतन कुमार पांडेय ने न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं और करीब 12 वर्षों से हरिद्वार में निवास कर रहे हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात ज्वालापुर स्थित मॉडल कॉलोनी निवासी आशीष विरमानी और उनकी पत्नी मानसी विरमानी से हुई। दोनों ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए जमीन खरीद-फरोख्त में साझेदारी का प्रस्ताव दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपी पति-पत्नी का उनके घर आना-जाना भी था, जिससे उनके बीच भरोसे का रिश्ता बन गया। इसी भरोसे के चलते उन्होंने आरोपियों के साथ जमीन खरीदने में निवेश किया। आरोप है कि उत्तराखंड के भूमि कानून का हवाला देते हुए आरोपियों ने कहा कि बाहरी व्यक्ति होने के कारण अधिक जमीन सीधे उनके नाम नहीं खरीदी जा सकती, इसलिए जमीन मानसी विरमानी के नाम से खरीदी जाएगी और बाद में आधा हिस्सा उन्हें दे दिया जाएगा। बताया गया कि 19 जनवरी 2021 को इस संबंध में एक नोटरी एग्रीमेंट भी किया गया था, जिसमें जमीन की खरीद में दोनों पक्षों की बराबर हिस्सेदारी तय की गई थी। पीड़ित के अनुसार सिडकुल इंडस्ट्रियल एरिया के कई खसरा नंबरों की करीब 30 बीघा जमीन और राजा बिस्कुट चौक के सामने करीब ढाई एकड़ व्यावसायिक जमीन में संयुक्त रूप से निवेश किया गया था। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने इन जमीनों को करीब 18 करोड़ रुपये में बेच दिया, जबकि इसमें पीड़ित की आधी हिस्सेदारी करीब नौ करोड़ रुपये की थी। जब पीड़ित को जमीन बिकने की जानकारी मिली और उन्होंने अपने हिस्से की रकम मांगी तो आरोपियों ने भुगतान में असमर्थता जताते हुए सलेमपुर स्थित आईपी-2 में 850 वर्गमीटर का एक प्लॉट देने की बात कही और बाकी करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये जल्द देने का आश्वासन दिया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी रकम नहीं दी गई। 30 जनवरी 2026 को उन्हें पता चला कि जिस प्लॉट को उनके हिस्से के रूप में दिया गया था, उस पर भी आरोपी कब्जा करने की नीयत से जेसीबी से नींव की खुदाई करवा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अदालत की शरण ली। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश पर सिडकुल थाना पुलिस ने आशीष विरमानी, मानसी विरमानी निवासीगण मॉडल कॉलोनी, हरिद्वार अनमोल अनेजा, राणा और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!