
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखण्ड एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से एक ऐसे संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके तार पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी न सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था, बल्कि देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी व सैन्य संस्थानों की लोकेशन और वीडियो फुटेज भी पाकिस्तान भेज रहा था। मामले में तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH) के नाम से दहशत फैलाने की साजिश का भी खुलासा हुआ है। पाक की आतंकी साजिश का खुलासा ऐसे समय पर हुआ है, जब चार दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंच रहे हैं।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के नेतृत्व में चला ऑपरेशन, संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता…….
प्रदेश में अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में टीमों को सक्रिय किया गया था।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश और एसटीएफ आईजी नीलेश आनन्द भरणे की मॉनिटरिंग में, डीएसपी आर.बी. चमोला के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए झाझरा, प्रेमनगर निवासी 29 वर्षीय विक्रान्त कश्यप को गिरफ्तार किया।
सोशल मीडिया बना आतंकी कनेक्शन का जरिया, ‘रील’ से शुरू हुआ खेल….
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके साथी ‘राणा’ के संपर्क में आया था। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से आक्रोशित होकर आरोपी इन हैंडलर्स के झांसे में आ गया। उसे टास्क दिए गए कि वह देहरादून के आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य संवेदनशील संस्थानों की रेकी कर वीडियो भेजे।
दीवारों पर ‘TTH’ लिखकर फैलाई दहशत, बड़े हमले की थी साजिश….
आरोपी को शहर में अलग-अलग स्थानों—सेलाकुई, अडवानी पुल और झाझरा क्षेत्र में स्प्रे पेंट से ‘TTH’ लिखकर वीडियो बनाने और वायरल करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि संगठन का नाम फैलाया जा सके। इतना ही नहीं, उसे दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड से हमले का टास्क भी सौंपा गया था।
लालच में फंसा आरोपी, दुबई में बसाने का दिया गया था झांसा…..
आतंकी हैंडलर्स ने आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर बसाने और मोटी रकम देने का लालच दिया था। आरोपी पहले पंजाब के नाभा में ट्रक बॉडी बनाने का काम करता था और वहीं से उसका नेटवर्क से जुड़ाव मजबूत हुआ।
गिरफ्तार आरोपी के पास से 01 अवैध पिस्टल (.32 बोर), 07 जिंदा कारतूस, 01 स्प्रे पेंट कैन और 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं, जिन पर विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ टीम में…..
निरीक्षक अबुल कलाम, निरीक्षक एन.के. भट्ट, निरीक्षक यादविन्दर बाजवा, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र मंगमाई, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल वृजेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल मोहन असवाल, कांस्टेबल कादर, कांस्टेबल अनिल शामिल रहे।



