
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी दून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्ट्रीट क्राइम पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन, एक सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत स्ट्रीट क्राइम की घटनाओं में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में क्लेमेंटटाउन पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मामले की जांच शुरू की।
थाना प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद पुलिस को सफलता तब मिली जब चेकिंग के दौरान झील तिराहा से भारूवाला मार्ग पर संदिग्ध युवक को दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से छीनी गई चेन, वसंत विहार क्षेत्र से लूटा गया सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी आकाश (25) पुत्र जगदीश लाल निवासी शिवाजी एन्क्लेव, रायपुर देहरादून ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह कुछ समय से नशे का आदी हो गया था और महंगे नशे की लत पूरी करने के लिए चेन स्नैचिंग व छीना-झपटी जैसी वारदातों को अंजाम देने लगा।
घटना से पहले वह कई दिनों तक वृद्ध महिला की रेकी करता रहा और मौका पाकर दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा। जैसे ही महिला सामान देने आई, उसने झपट्टा मारकर चेन छीनी और जंगल के रास्ते फरार हो गया। पकड़े जाने के समय वह लूटा हुआ सामान बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका…
उप निरीक्षक विकास शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल कैलाश पवार, राजीव कुमार, पवन कुमार और असजद ने ऑपरेशन को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। वहीं सर्विलांस टीम से कांस्टेबल आशीष शर्मा (SOG) और कांस्टेबल किरण (SOG) का विशेष सहयोग रहा।



