
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रानीपुर क्षेत्र में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ असर दिखाता नजर आ रहा है। एक ओर जहां अवैध गौमांस के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने 300 किलो मांस के साथ चार आरोपियों को दबोच लिया, वहीं दूसरी ओर घरेलू हिंसा और हुड़दंग पर भी सख्ती दिखाते हुए नशे में पत्नी से मारपीट करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया।
एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई….
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में असामाजिक तत्वों, अवैध कारोबार और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में रानीपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर कानून का संदेश साफ कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में बड़ी छापेमारी…
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड गौवंश स्क्वाड, गढ़वाल परिक्षेत्र और कोतवाली रानीपुर की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम दादूपुर गोविन्दपुर स्थित एक घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अकरम, अजीम, आदिल और नसरत को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मौके से करीब 300 किलो गौमांस और अवैध कटान के उपकरण बरामद किए। इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दूसरी कार्रवाई: घरेलू हिंसा पर भी सख्ती….
वहीं बीती रात सेक्टर-4, बीएचईएल क्षेत्र से मिली सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था और घर में तोड़फोड़ कर हुड़दंग मचा रहा था। पुलिस के समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना, जिस पर उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान बसन्त पुत्र ज्ञान चन्द निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद के रूप में हुई है।
पुलिस टीम…
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल विरेन्द्र जोशी, कांस्टेबल गिरेन्द्र, कांस्टेबल सुरेन्द्र तोमर, कांस्टेबल अजीतराज।
गौवंश स्क्वाड टीम: हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल पूरन सिंह दानू, कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र रावत, कांस्टेबल बृजकिशोर।
घरेलू हिंसा प्रकरण में पुलिस टीम:
कांस्टेबल बीरेन्द्र जोशी व कांस्टेबल गिरेन्द्र।



