
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और शराब की दुकानों के बाहर बैठकर जाम छलकाने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार देखने को मिला। फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने और नशे में माहौल खराब करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 62 लोगों को दबोच लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सार्वजनिक स्थानों और होटल-ढाबों में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों से छुट्टी के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता और छींटाकशी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे बैठकर शराब पीने व हुड़दंग करने वाले कुल 62 लोगों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 15,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को सख्त चेतावनी देते हुए साफ कहा कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने या पिलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिडकुल पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



