अपराधहरिद्वार

“दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, लाखों का माल समेटकर हुए फरार… पुलिस ने ऐसे दबोचा..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लक्सर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चोरी के माल समेत दो गिरफ्तार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर गिरोह को लक्सर पुलिस ने आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये की नकदी और चोरी का माल बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और नशे व अपने शौक पूरे करने के लिए लगातार वारदात कर रहे थे।हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। एसएसपी ने कोतवाली लक्सर पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए, जिसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर क्षेत्र में सक्रिय कर दी गईं।प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस ने मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों के गिरेबान तक पहुंचने में सफल रही।एसएसआई नितिन चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम ने मंगलवार को दो आरोपियों को चोरी की नकदी और जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी निजी जरूरतों व शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों कई दिनों से वादी मेहरबान अली के घर की रेकी कर रहे थे। जैसे ही उन्हें घर खाली होने की जानकारी मिली, दोनों दीवार फांदकर अंदर घुसे और आलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व ज्वैलरी चोरी कर फरार हो गए।पुलिस के अनुसार बीते दिन मेहरबान अली निवासी सुल्तानपुर ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर घर से नकदी और जेवर चोरी होने की सूचना दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों में शौकीन उर्फ पौसा पुत्र कल्लू हसन निवासी दादाखान मोहल्ला सुल्तानपुर व साकिब उर्फ काला पुत्र सगीर निवासी दादाखान मोहल्ला सुल्तानपुर शामिल हैं। शौकीन उर्फ पौसा से बरामदगी 18 हजार रुपये नकद, पीली धातु का एक लॉकेट, पीली धातु की एक चैन। साकिब उर्फ काला से बरामदगी 38 हजार 800 रुपये नकद सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल, तीन अदद लौंग शामिल है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल जगत सिंह व कांस्टेबल सौदीश कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!