अपराधहरिद्वार

“महिला की हत्या का राज़ खोलने को पुलिस ने झोंकी ताकत, कप्तान ने बनाई पांच टीमें..

हाथ पर बने टैटू से मिल सकता है सुराग, सरहदी जनपदों में भी चल रही पड़ताल

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: चंडी देवी पैदल मार्ग के पास जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस कप्तान नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पांच अलग-अलग टीमें अब हत्या की इस रहस्यमयी वारदात के हर पहलू को खंगाल रही हैं। पुलिस की जांच सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और शव की शिनाख्त पर केंद्रित है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।रविवार शाम चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास गश्त कर रहे वनकर्मियों को जंगल में महिला का शव पड़ा दिखाई दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। घटनास्थल के आसपास घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने जंगल की पगडंडियों, पैदल मार्ग और रोपवे क्षेत्र के आसपास आने-जाने वाले रास्तों को भी खंगाला, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला को यहां कैसे लाया गया।जांच के दौरान पुलिस को महिला के शरीर पर बने टैटू अहम सुराग के रूप में मिले हैं। महिला के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “कौशल्या” नाम और गमलेनुमा फूल का टैटू बना हुआ है। वहीं बाएं हाथ की कलाई पर दिल के आकार के टैटू के भीतर “केआर” लिखा हुआ मिला है। पुलिस को उम्मीद है कि इन्हीं टैटू के आधार पर महिला की पहचान तक पहुंचा जा सकेगा।श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दो टीमें हरिद्वार शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। खास तौर पर रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चंडीघाट, रोपवे क्षेत्र और हाईवे से जुड़े कैमरों को जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला आखिरी बार किन लोगों के साथ दिखाई दी थी।एक टीम को सरहदी जनपदों और थाना-कोतवाली क्षेत्रों में भेजा गया है, जहां अज्ञात महिला के फोटो और पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य टीम को अंतरराज्यीय स्तर पर महिला की शिनाख्त के प्रयास में लगाया गया है। पुलिस आसपास के राज्यों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।वहीं पांचवीं टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों पर काम कर रही है। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को सुनसान जंगल में फेंका गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही महिला की पहचान कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!